Samachar Nama
×

जयपुर में झुकी 6 मंजिला बिल्डिंग ध्वस्त, वीडियो में जाने धमाके के साथ ढहा ढांचा; आसपास का इलाका कराया गया था खाली

जयपुर में झुकी 6 मंजिला बिल्डिंग ध्वस्त, वीडियो में जाने धमाके के साथ ढहा ढांचा; आसपास का इलाका कराया गया था खाली

जयपुर के रामगंज क्षेत्र स्थित चीता वालों का मोहल्ला में निर्माण के दौरान एक ओर झुक गई छह मंजिला इमारत को गुरुवार को नगर निगम ने नियंत्रित तरीके से ध्वस्त कर दिया। सुबह 10:18 बजे जैसे ही इमारत को गिराया गया, पूरे इलाके में जोरदार धमाका सुनाई दिया और देखते ही देखते भवन मलबे में तब्दील हो गया।

नगर निगम और प्रशासन ने कार्रवाई से पहले व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। संभावित खतरे को देखते हुए बिल्डिंग के आसपास के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया था। बैरिकेडिंग लगाकर लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के 10 से 15 मकानों को भी खाली करा लिया था। इन घरों में रहने वाले लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया था। इसके अलावा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी।कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामगंज थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर तैनात रहा। नगर निगम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।

गौरतलब है कि निर्माणाधीन इमारत एक तरफ झुकने के कारण आसपास के मकानों के लिए खतरा बन गई थी। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने इसे गिराने का फैसला लिया था। भवन गिराए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।अब नगर निगम मलबा हटाने और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करने की कार्रवाई में जुटा हुआ है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आसपास की इमारतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

Share this story

Tags