Samachar Nama
×

जयपुर में चलती रोडवेज बस में लगी आग, वीडियो में देंखे 70 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

जयपुर में चलती रोडवेज बस में लगी आग, वीडियो में देंखे 70 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की एक चलती बस में अचानक आग लग गई। घटना में बस में सवार करीब 70 यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गई।

हादसा शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे मानसरोवर रीको चौराहे पर हुआ। बस जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से केकड़ी के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि बस जैसे ही मानसरोवर रीको चौराहे से सांगानेर की ओर बढ़ी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। मानसरोवर फायर स्टेशन से दो दमकलें भेजी गईं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

मानसरोवर फायर स्टेशन की फायरमैन शकुंतला सैनी ने बताया कि बस में केकड़ी जाने के लिए 70 यात्री सवार थे। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि आग तेजी से फैली, जिससे बस को बचाया नहीं जा सका।

घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया और हालात को सामान्य कराया। पुलिस और परिवहन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन वाहनों की नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों की आवश्यकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

Share this story

Tags