जयपुर में रफ्तार का कहर, तेज रफ्तार इनोवा ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 3 बच्चे घायल, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
जयपुर के मांग्यावास इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। स्वर्ण पथ पर तेज रफ्तार टोयोटा इनोवा ने एक स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूल वैन बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल करीब एक फीट तक आगे खिसक गया। हादसे के वक्त स्कूल वैन में चालक समेत तीन स्कूली बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
गनीमत रही कि इस हादसे में बिजली के पोल से करंट नहीं फैला, वरना स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। लोगों का कहना है कि अगर तारों में करंट होता तो बड़ा हादसा टलना मुश्किल था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तुरंत धन्वंतरि अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें निगरानी में रखा गया है।
बताया जा रहा है कि स्कूल वैन मानसरोवर स्थित एक निजी स्कूल की ओर जा रही थी। रोजाना की तरह सुबह बच्चों को स्कूल ले जाते समय यह हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन आम बात हो गई है और कई बार शिकायतों के बावजूद ट्रैफिक नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी लापरवाही की वजह से।

