Samachar Nama
×

Haridwar वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व में रेड अलर्ट

Haridwar वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व में रेड अलर्ट
उत्तराखंड न्यूज़ डेस्क, राजाजी टाइगर रिजर्व में वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को जंगल सफारी भी बंद रहेगी। सीमाओं पर कड़ी गश्त की जा रही है। कर्मियों की छुट्टियां भी निरस्त कर दी गई हैं। राजाजी टाइगर रिजर्व और हरिद्वार वन प्रभाग के जंगल की सीमाएं हरिद्वार शहर और गांव के क्षेत्रों से लगी हुई हैं।

इसके कारण वन्य जीवों का आबादी क्षेत्र में आना-जाना लगा रहता है। इसको देखते हुए राजाजी प्रशासन की ओर से वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। जंगल की सीमाओं पर कड़ी गश्त और संघन चेकिंग की जा रही है। सीमा से गुजरने वाले लोगों की निगरानी और संदिग्ध लोगों की चेकिंग भी की जा रही है। इसके लिए विभाग की ओर से कर्मचारियों की छुट्टियां भी अग्रिम आदेशों तक निरस्त कर दी गई हैं। उन्हें केवल बहुत जरूरत पड़ने पर ही अवकाश दिया जाएगा।

राजाजी टाइगर रिजर्व की प्रसिद्ध चीला रेंज और हरिद्वार रेंज के रानीपुर गेट से होली के रंग पर्व पर जंगल सफारी बंद रखी जाएगी। इससे जंगल सफारी के लिए आने वाले सैलानियों को जंगली जानवरों का दीदार करने मौका नहीं मिल सकेगा। राजाजी टाइगर रिजर्व के रेंजर बिजेंद्र दत्त ने बताया कि होली पर असामाजिक तत्व जंगल में घुसकर आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। इन लोगों को रोकने के लिए विभाग की ओर से सतर्कता से कार्य किया जा रहा है।

Share this story

Tags