हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा, क्रूजर–स्कॉर्पियो की टक्कर में 3 महिलाओं की मौत, 22 घायल
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नोहर क्षेत्र में सोमवार (30 मार्च) शाम दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 22 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा नोहर की ढाणी अराइयांन के पास हुआ, जब एक क्रूजर और स्कॉर्पियो गाड़ी तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गईं और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए।
हादसे के बाद कई यात्री वाहनों में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू करवाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन नियंत्रण के लिए सख्त कदम नहीं उठाए गए।

