लेडी बाइकर को कार ने मारी साइड से टक्कर, 50 मीटर तक घिसटी स्पोर्ट्स बाइक; सीसीटीवी फुटेज में देखें भयंकर हादसा
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक लेडी बाइकर को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार युवक ने पहले बाइक रोकने का इशारा किया और जब महिला बाइकर नहीं रुकी तो कार से ओवरटेक कर उसकी स्पोर्ट्स बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला बाइक समेत सड़क पर गिर गई और बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। पूरी घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़िता की शिकायत पर गुरुग्राम पुलिस ने फिलहाल अज्ञात कार सवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें लगाई हैं।
बाइक रोकने का किया इशारा
गुरुग्राम की रहने वाली सिया ने बताया कि वह रविवार को अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक Aprilia RS 457 चला रही थीं। उनका कहना है कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार युवक बार-बार उनकी बाइक के करीब आने की कोशिश कर रहे थे।
सिया के मुताबिक, कार सवार युवक उन्हें गलत इशारे कर रहे थे। उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने को कहा, लेकिन इसके बावजूद उनकी हरकतें जारी रहीं। कुछ समय बाद कार सवार युवक ने बाइक रोकने का इशारा किया। सिया ने बताया कि उन्हें कार में बैठे युवक नशे में नजर आ रहे थे।
ओवरटेक कर बाइक में मारी टक्कर
पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने कार सवारों के इशारे पर बाइक नहीं रोकी। इसके बाद कार चालक ने आगे जाकर उनकी बाइक को ओवरटेक किया और अचानक साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं। हादसे के दौरान उनकी स्पोर्ट्स बाइक भी काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। सिया के अनुसार बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटी। गनीमत रही कि उन्होंने राइडिंग गियर पहन रखा था, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, हादसा काफी खतरनाक था और बाइक को भी नुकसान पहुंचा।
साथियों ने कार का किया पीछा
घटना के बाद सिया के साथ बाइकिंग कर रहे उनके साथियों ने कार का पीछा किया। उन्होंने आरोपी कार सवार को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रैफिक लाइट के पास उन्हें चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। बाइक पर लगे कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड होने के कारण पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। वीडियो के आधार पर पुलिस कार और आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में अज्ञात कार सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। सड़क पर बाइक सवार महिला को कथित तौर पर टक्कर मारकर फरार होने की इस घटना ने सड़क सुरक्षा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

