डूंगरपुर में प्रेम प्रसंग के शक में युवक की हत्या, आरोपी ने दो दिन बाद किया सरेंडर
राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, कोकापुर गांव निवासी दिनेश पाटीदार को अपने पड़ोसी तिलेश पाटीदार पर अपनी भाभी से अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी शक के चलते उसने तिलेश की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को पास की खाई में फेंक दिया, ताकि मामला छिपा रहे।
हालांकि दो दिन बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। उसके कबूलनामे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों में शोक व्याप्त है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

