राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिमी राजस्थान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में धौलपुर में 41.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जिससे यह देश का सबसे गर्म शहर रहा। हालांकि, इससे पहले मार्च 2022 में तापमान अधिक था, जब 18 मार्च को अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, राज्य में गर्मी ने फिलहाल कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं तोड़ा है। वर्तमान में महसूस की जा रही तीव्र गर्मी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव का परिणाम है। उन्होंने बताया कि 27 और 28 मार्च को मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है। जयपुर और बीकानेर संभाग में आंशिक बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में प्रमुख शहरों का तापमान:
अजमेर में अधिकतम 37.8 डिग्री व न्यूनतम 20.8 डिग्री, भीलवाड़ा में अधिकतम 38.2 डिग्री व न्यूनतम 17 डिग्री, अलवर में अधिकतम 39.5 डिग्री व न्यूनतम 17.5 डिग्री, जयपुर में अधिकतम 38.2 डिग्री व न्यूनतम 22.9 डिग्री, पिलानी में अधिकतम 39.7 डिग्री व न्यूनतम 19.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह सीकर में अधिकतम 37.2 डिग्री व न्यूनतम 15.7 डिग्री, कोटा में अधिकतम 38.9 डिग्री व न्यूनतम 20.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में अधिकतम 40.5 डिग्री व न्यूनतम 17.7 डिग्री, बाड़मेर में अधिकतम 38.8 डिग्री व न्यूनतम 23.6 डिग्री, जबकि जैसलमेर में अधिकतम 37.8 डिग्री व न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

