धौलपुर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद ने की तोड़फोड़, अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा
बुधवार (19 मार्च) को राजस्थान के धौलपुर में नगर परिषद को अतिक्रमण के खिलाफ कई जगह तोड़फोड़ करनी पड़ी। यहां जयदीश टॉकीज रोड पर अवैध निर्माण हटाने के लिए अभियान चलाया गया। जिसमें नगर परिषद अधिकारियों ने दो बुलडोजर मशीनों की मदद से लोगों द्वारा सीवरों व सार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए ढांचों को ध्वस्त कर दिया। कार्यवाही के दौरान लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल को देखकर लोग पीछे हट गए।
नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
यह अभियान धौलपुर में केनरा बैंक से लेकर शिव नगर कॉलोनी और पोखरा तक चलाया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन नगर परिषद की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रखी। नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा ने बताया कि यह अभियान जिला कलक्टर के निर्देशन में चलाया जा रहा है। इससे पहले लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे। लेकिन लोगों ने स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया।
विरोध के बावजूद बुलडोजर चलते रहे
अतिक्रमण हटाते समय कई लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों से बहस की और विरोध करने की कोशिश की, लेकिन बुलडोजर चलता रहा। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित करने और यातायात को सुचारू बनाने के लिए यह अभियान जरूरी है। आयुक्त अशोक शर्मा ने कहा कि शहर में हर दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
प्रशासन की अपील
नगर परिषद ने नागरिकों से अतिक्रमण न करने तथा शहर को साफ सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाने की ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।