डकैत जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा में संपन्न, वीडियो में जाने बेटे ने दी मुखाग्नि, 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे तैनात
राजस्थान के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार गुरुवार को धौलपुर जिले के डांग क्षेत्र स्थित भवुतीपुरा गांव के श्मशान घाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। जगन के बेटे आसाराम ने उन्हें मुखाग्नि दी।
जेल से लाए गए तीनों भाई
अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जगन के तीनों भाइयों को STF की सुरक्षा में जेल से धौलपुर लाया गया। अंतिम दर्शन के बाद पुलिस उन्हें वापस हिरासत में लेकर चली गई। तीनों को अलग-अलग वाहनों में लाया और ले जाया गया। इस दौरान अजमेर जेल प्रशासन, धौलपुर STF और धौलपुर पुलिस की संयुक्त टीम सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।
100 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए पूरे भवुतीपुरा गांव और आसपास के इलाके में करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। सुबह करीब साढ़े सात बजे जगन गुर्जर का शव गांव पहुंचा, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
9 थानों की पुलिस रही अलर्ट
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोने का गुर्जा, बाड़ी सदर, बाड़ी कोतवाली, बसई डांग, कंचनपुर, निहालगंज, धौलपुर सदर, राजाखेड़ा और मनिया समेत कुल 9 थाना क्षेत्रों की पुलिस मौके पर तैनात रही।सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एएसपी श्रवण कुमार और सीओ महेंद्र कुमार ने स्वयं संभाली। दोनों अधिकारी पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी।पुलिस प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए, जिससे अंतिम संस्कार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।

