Samachar Nama
×

राजस्थान हाईकोर्ट LDC भर्ती में डमी कैंडिडेट से दिलाई परीक्षा, वीडियो में जाने SOG ने दौसा के आरोपी को किया गिरफ्तार

राजस्थान हाईकोर्ट LDC भर्ती में डमी कैंडिडेट से दिलाई परीक्षा, वीडियो में जाने SOG ने दौसा के आरोपी को किया गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर पेपर लीक गिरोह के सरगना से 4 लाख रुपये में सौदा कर अपने स्थान पर दूसरे व्यक्ति से परीक्षा दिलवाई और धोखाधड़ी कर एलडीसी पद पर चयनित हो गया।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती परीक्षा-2022 का आयोजन 19 मार्च 2023 को किया गया था। मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश कुमार मीणा, निवासी टिकरी जाफरान, तहसील महुवा, जिला दौसा के रूप में हुई है।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पेपर लीक गिरोह के कथित सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा से 4 लाख रुपये में सौदा किया था। इसके बाद आरोपी की जगह एक डमी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर बैठाकर परीक्षा दिलाई गई।

एसओजी के अनुसार, यह परीक्षा दौसा के श्री रामकरण जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (जीएसएसएस), लालसोट रोड स्थित परीक्षा केंद्र पर आयोजित हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

फिलहाल एसओजी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि भर्ती परीक्षा में इस तरह की अनियमितता में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा पेपर लीक गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा था। जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।

Share this story

Tags