Samachar Nama
×

राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट ने कार्यकर्ताओं को दी बड़ी राजनितिक सीख, बोले - 'पेट में क्या है, मन में क्या है....'

राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट ने कार्यकर्ताओं को दी बड़ी राजनितिक सीख, बोले - 'पेट में क्या है, मन में क्या है....'

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने करौली के गढ़मोरा में राजेश पायलट और धन सिंह कोतवाल की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने किसान सम्मेलन को संबोधित किया। पायलट ने किसानों और युवाओं के हितों के लिए लड़ने की बात करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। इस कार्यक्रम में सांसद मुरारी लाल मीना, भजन लाल जाटव, विधायक घनश्याम मेहर, अनीता जाटव, दीनदयाल बैरवा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया, पूर्व विधायक गजराज खटाना, इंद्राज गुर्जर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज मीना समेत हजारों ग्रामीण मौजूद रहे।

राजनीति बिल्कुल उल्टा खेल है- कांग्रेस नेता
सेना और राजनीति में अंतर बताते हुए उन्होंने कहा, "जो मन में है, उसे जुबान पर लाओ और सीधे कह दो, इसी तरह हम सेना को आगे बढ़ाते हैं। राजनीति बिल्कुल उल्टा खेल है, आप किसी को ना नहीं कह सकते। जो पेट में है, जो मन में है, वो जुबान पर नहीं आना चाहिए।" इस दौरान उन्होंने वक्फ बिल की टाइमिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि देखिए, मणिपुर में रात 2 बजे राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया। अमेरिका ने टैरिफ बढ़ाकर हमारे उद्योग और निर्यात को कमजोर कर दिया।

हम जोड़ने या तोड़ने की राजनीति कर रहे हैं, जनता सब देख रही है- पायलट
उन्होंने कहा, "हम सत्ता और विपक्ष में आते-जाते रहते हैं। सत्ता में संसाधनों के साथ विकास आसान होता है, विपक्ष में सरकार को आईना दिखाना पड़ता है, लेकिन लक्ष्य एक ही रहना चाहिए। देश और प्रदेश की जनता अब बहुत जागरूक हो चुकी है। हम लक्ष्य पूरा करने की राजनीति कर रहे हैं या अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने की राजनीति, हम जोड़ने या तोड़ने की राजनीति कर रहे हैं, हम लोगों को अवसर देने की राजनीति कर रहे हैं। या फिर लोगों का गला घोंटकर उन्हें खत्म करने की राजनीति कर रहे हैं, जनता यह सब देखती रहती है।"

"किसानों और युवाओं की नीतियों के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी"
सचिन पायलट ने किसानों की समस्याओं पर जोर देते हुए कहा कि किसानों के हक, युवाओं के रोजगार और जनहित की नीतियों के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की कर्ज माफी और एमएसपी की गारंटी कांग्रेस की प्राथमिकता है।

Share this story

Tags