चूरू की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल! पत्नी की लाश को कंधे पर उठाकर घूमता रहा पति, जानिए आखिर क्या है पूरा मामला ?
राजस्थान के चूरू जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां राजकीय डीबी अस्पताल में एक युवक अपनी पत्नी का शव लेकर घूमता रहा। अस्पताल स्टाफ और पुलिस ने उसे रोका तो उसने हंगामा कर दिया। यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार झूमा देवी निवासी सेहला को करंट लगने के बाद उसका पति हरलाल उसे मंगलवार को चूरू के जिला अस्पताल लेकर आया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पति ने शव को कंधे पर उठा लिया और अस्पताल से बाहर ले जाने लगा। उसे रोकने का प्रयास किया तो वह अस्पताल स्टाफ से उलझ गया। युवक अपनी पत्नी के शव को कंधे पर लेकर करीब 10 मिनट तक अस्पताल परिसर में घूमता रहा और उसे इमरजेंसी से पार्किंग तक ले आया। हालांकि बाद में पुलिस की समझाइश के बाद वह पोस्टमार्टम करवाने को राजी हुआ।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
यह पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हरलाल अपनी पत्नी का शव कंधे पर उठाकर ले जाने लगा। जिस पर अस्पताल प्रशासन ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वह अस्पताल स्टाफ से भिड़ गया और कहने लगा कि मैं अपनी पत्नी का शव अपने साथ ले जाऊंगा। युवक शव को इमरजेंसी वार्ड से पार्किंग में ले आया। बार-बार कहने पर भी जब युवक नहीं रुका तो अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव ले जा रहे युवक को पार्किंग में ही रोक लिया। इस पर वह फिर से हंगामा करने लगा। करीब आधे घंटे की समझाइश के बाद वह शव का पोस्टमार्टम करवाने को राजी हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
रसोई में महिला को लगा करंट
रतनगढ़ थाने के हैड कांस्टेबल भंवरलाल ने बताया कि सेहाला निवासी हरलाल ने रिपोर्ट दी कि उसकी 45 वर्षीय पत्नी झूमा देवी मंगलवार को घर की सफाई कर रही थी। इस दौरान रसोई में पोछा लगाते समय गीला कपड़ा आटा चक्की से छू गया। जिससे उसे करंट लग गया। तत्काल महिला को निजी वाहन से डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।

