राजस्थान के चूरू के सादुलपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सिद्धमुख थाना क्षेत्र के धानौथी छोटी गांव में पुलिस ने दबिश देकर आस्ट्रेलियाई वेबसाइट स्कोक्का पर धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्हें अदालत में पेश किया गया। वहीं, अदालत ने तीनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
दरअसल, चूरू के धनौठी छोटी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। इस अभियान के तहत आस्ट्रेलियाई स्कोक्का वेबसाइट पर धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग कर आस्ट्रेलियाई वेबसाइट स्कोक्का पर विदेशियों के लिए लड़कियों की फोटो अपलोड कर रहे थे और फर्जी एस्कॉर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे थे। इस मामले में आरोपी नरेन्द्र कुमार, उम्र 28 वर्ष, अनिल कुमार, उम्र 30 वर्ष और महेन्द्र कुमार, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए। इसके अलावा, आस्ट्रेलिया के पांच विदेशी ड्राइविंग लाइसेंस, दो चेक बुक और एक नोटबुक भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस 67डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले में आरोपियों पर एक साल से नजर रख रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों ने धोखाधड़ी कर गांव में आलीशान मकान बना लिए थे। पुलिस को संदेह हुआ और जांच की गई। इसके तहत आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।