Samachar Nama
×

एक ही रात घर में गूंजी शहनाई और पसरा मातम, फुटेज में देंखे कैंसर से महिला की मौत; बेटियों की विदाई तक छिपाई खबर

एक ही रात घर में गूंजी शहनाई और पसरा मातम, फुटेज में देंखे कैंसर से महिला की मौत; बेटियों की विदाई तक छिपाई खबर

बीकानेर के जोशीवाड़ा स्थित फूलबाई कुएं और आसपास के मोहल्ले में एक ही रात ऐसी घटना हुई, जिसने खुशियों और गम के बीच का फासला कुछ घंटों में समेट दिया। एक तरफ घर की दो बेटियों की शादी का जश्न चल रहा था। पूरा मोहल्ला रोशनी से जगमगा रहा था। खुले चौक में बारातें पहुंचीं, दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर बैठे और करीब डेढ़ से दो हजार लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। हर तरफ हंसी, उत्साह और मंगल गीतों की आवाजें गूंज रही थीं।

लेकिन इसी दौरान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में दो बेटियों की शादी के लिए चंवरियां सजाई गई थीं, उसी परिवार की एक महिला ने रात करीब साढ़े दस बजे कैंसर की बीमारी के चलते अस्पताल में दम तोड़ दिया। शादी की खुशियों के बीच इस दुखद खबर ने परिवार को अंदर तक झकझोर दिया। हालांकि, बेटियों की विदाई तक परिवार ने महिला की मौत की जानकारी किसी को नहीं दी।

बेटियों की विदाई तक छिपाई मौत की खबर

परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि एक तरफ घर की दो बेटियों की शादी की रस्में चल रही थीं और दूसरी तरफ परिवार की सदस्य की मौत हो चुकी थी। ऐसे में परिवार ने फैसला किया कि बेटियों की विदाई होने तक इस खबर को छिपाकर रखा जाएगा।रातभर शादी की रस्में चलती रहीं। मेहमानों का स्वागत हुआ और दोनों बेटियों की शादी संपन्न हुई। सुबह जब दोनों बेटियों की विदाई हो गई, तब परिवार के लोगों और मोहल्ले को महिला की मौत की जानकारी दी गई। इसके बाद शादी वाले घर में अचानक माहौल बदल गया। जहां कुछ देर पहले तक विदाई के गीत और खुशियों का माहौल था, वहां अब अंतिम विदाई की तैयारी होने लगी।

शादी को पूरा मोहल्ला मानता है अपना उत्सव

यह मामला बीकानेर के जोशीवाड़ा स्थित फूलबाई कुएं और आसपास के मोहल्ले का है। यहां बेटियों की शादी केवल एक परिवार का निजी आयोजन नहीं होती, बल्कि पूरा मोहल्ला इसे अपना उत्सव मानकर शामिल होता है।यहां की परंपरा के अनुसार बेटियों की शादी के लिए अलग से मैरिज गार्डन या भवन बुक नहीं किया जाता। मोहल्ले के खुले चौक में ही बारात आती है, स्टेज सजाया जाता है और शादी की सभी रस्में पूरी की जाती हैं। आयोजन के दौरान मोहल्ले के हर घर को रोशनी से सजाया जाता है। पड़ोसी और रिश्तेदार मिलकर मेहमानों की आवभगत करते हैं और पूरे आयोजन में सहयोग करते हैं।

एक आंगन ने कुछ घंटों में देखे दो अलग-अलग दृश्य

इस शादी की रात ने परिवार और मोहल्ले को ऐसा अनुभव दिया, जिसे भुला पाना आसान नहीं होगा। एक ही आंगन में कुछ घंटे पहले दो बेटियों की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। मेहमानों की भीड़ थी, रोशनी थी और मंगल गीत गूंज रहे थे। वहीं सुबह होते-होते उसी घर में एक सदस्य की मौत का दुख और अंतिम विदाई की तैयारी थी।परिवार ने बेटियों की विदाई तक दुखद खबर छिपाकर उनकी शादी की रस्में पूरी कराईं। इस घटना ने पूरे मोहल्ले को भावुक कर दिया। एक ही रात में शादी की खुशियों और अपनों को खोने के दर्द ने परिवार के सामने जिंदगी के दो बिल्कुल अलग रूप रख दिए।

Share this story

Tags