Samachar Nama
×

बीकानेर में गैंगस्टर रोहित गोदारा के मकान पर चला बुलडोजर, फुटेज में जाने रातोंरात ढहाया गया दो मंजिला घर; कार्रवाई पर बना रहस्य

बीकानेर में गैंगस्टर रोहित गोदारा के मकान पर चला बुलडोजर, फुटेज में जाने रातोंरात ढहाया गया दो मंजिला घर; कार्रवाई पर बना रहस्य

अमेरिका की एफबीआई की चार्जशीट में नाम सामने आने के कुछ ही दिनों बाद राजस्थान के बीकानेर में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान को देर रात जेसीबी से ढहा दिया गया। हालांकि सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस कार्रवाई को किसने अंजाम दिया। अब तक न पुलिस ने इसकी जिम्मेदारी ली है और न ही प्रशासन ने किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, लूणकरणसर क्षेत्र के तेजाणा ढाणी स्थित रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान पर देर रात जेसीबी मशीन पहुंची और मकान का बड़ा हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मकान के पिछले हिस्से को पूरी तरह गिरा दिया गया, जबकि सामने के हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया। मकान के दरवाजे, खिड़कियां और दीवारें भी तोड़ दी गईं।

रोहित गोदारा का एक मकान कपूरीसर गांव में भी है, जबकि तेजाणा ढाणी स्थित यह दो मंजिला मकान लंबे समय से खाली पड़ा था और इसमें कोई नहीं रहता था। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

स्थानीय लोगों का दावा है कि लूणकरणसर पुलिस को भी इस घटना की जानकारी मंगलवार सुबह ही मिली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। वहीं जिला प्रशासन ने भी इस कार्रवाई को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि या बयान जारी नहीं किया है। ऐसे में मकान गिराने वालों की पहचान और कार्रवाई के पीछे की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है।

उल्लेखनीय है कि रोहित गोदारा लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसका नाम अमेरिका की एफबीआई की चार्जशीट में भी सामने आया था, जिसके बाद वह फिर चर्चा में आ गया। दूसरी ओर, उसके माता-पिता पहले से ही फिरौती के एक मामले में जेल में बंद हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि इस मामले में कोई शिकायत मिलती है या किसी तरह के अवैध कृत्य की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस रहस्यमयी बुलडोजर कार्रवाई को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

Share this story

Tags