मध्यप्रदेश न्यूज़ डेस्क, नाक बंद होना, सांस लेने में परेशानी, नाक से पानी गिरना, सिरदर्द, एलर्जी और आंखों के हिलने से एक चीज दो दो दिखने जैसे लक्षण हैं तो तत्काल डॉक्टर को दिखाना जरूरी है। दरअसल, कई बार साइनस से सिर्फ सिर दर्द, नाक बंद होना या फिर बुखार ही नहीं आता है, बल्कि साइनोसाइटिस से आंखों की रोशनी भी जा सकती है। दमोह निवासी 34 साल की आरती अहिरवार को सिरदर्द, उल्टियां और आंखों की रोशनी कमजोर होने की समस्या आ रही थी। 8वें दिन आंखों से दिखना पूरी तरह से बंद हो गया। महिला ने पहले नागपुर और निजी अस्पतालों में इलाज कराया।
इसके बाद उसे हमीदिया रेफर किया गया। यहां सीटी स्कैन और एमआरआई जांच में सामने आया कि महिला की नाक और मस्तिष्क के बीच एक म्युकोसिल (मवाद से बना सिस्ट) बन गया है। इसके दबाव के कारण आंखों की रोशनी कम हो रही थी। धीरे-धीरे नसों में दबाव बढ़ने के कारण आंख से दिखना पूरी तरह बंद हो गया था। हमीदिया के डॉक्टरों ने एंडोस्कोपी तकनीक से ऑपरेशन को अंजाम दिया। डॉक्टर यशवीर ने बताया कि दूरबीन की मदद से नाक से इस म्युकोसिल को निकाला गया। बड़ी सफलता यह रही कि ऑपरेशन के दो दिन के बाद ही मरीज की आंखों की रोशनी लौट आई।
भोपाल न्यूज़ डेस्क !!!

