वॉशिंग मशीन का रिफंड नहीं मिला तो दुकानदार से मारपीट, वीडियो में देंखे हाथ फ्रैक्चर; 14 लोगों पर केस
राजस्थान के गंगापुर थाना क्षेत्र में वॉशिंग मशीन खराब होने पर रिफंड की मांग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार के साथ कथित तौर पर लात-घूंसों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी और उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट का आरोप है। घटना में दुकानदार के कपड़े फट गए और उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। आरोपियों पर जबरन 5,500 रुपये लेने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर 24 सितंबर को 14 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान के अंदर मारपीट होती दिखाई दे रही है।
महावीर रेफ्रिजरेशन शॉप पर हुआ विवाद
घटना 23 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। गंगापुर थाना क्षेत्र में मेहता पेट्रोल पंप के सामने स्थित महावीर रेफ्रिजरेशन शॉप पर कुछ लोग वॉशिंग मशीन खराब होने की शिकायत लेकर पहुंचे थे।बताया गया कि कैलाश जाट ने खराब वॉशिंग मशीन के 5 हजार रुपये वापस करने की मांग की। दुकानदार संपतलाल ने उन्हें बताया कि मशीन उसकी निजी नहीं, बल्कि कंपनी की है और उसे पहले ही रिपेयरिंग के लिए भेजा जा चुका है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ा तो दुकानदार से मारपीट
दुकानदार के अनुसार, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कई लोगों ने मिलकर उसे लात-घूंसों से पीटा। मारपीट के दौरान उसके कपड़े फट गए और हाथ में गंभीर चोट आई, जिससे फ्रैक्चर हो गया।दुकानदार के कर्मचारी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट करने का आरोप है। कर्मचारी की पत्नी के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई।
जबरन 5,500 रुपये लेने का आरोप
शिकायत में दुकानदार ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी उससे जबरन 5,500 रुपये लेकर चले गए। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के बाद दुकानदार ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीडियो सामने आने के बाद जांच तेज
घटना का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में दुकान के भीतर कुछ लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और मारपीट के दौरान दुकानदार से पैसे लेने के आरोपों में कितनी सच्चाई है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

