दुबई में भीलवाड़ा के व्यापारी को बंधक बनाकर मांगी थी फिरौती, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचा; मुख्य आरोपी की तलाश जारी
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के व्यापारी को दुबई में बंधक बनाकर मारपीट करने और फिरौती मांगने के अंतरराष्ट्रीय मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुभाष नगर थाना पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से एक आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया, जबकि दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि दुबई में व्यापारी मुकेश को बंधक बनाकर मारपीट करने और उससे फिरौती की रकम मांगने के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस ने इस पूरे मामले में जुड़े आरोपियों तक पहुंचने के लिए कई महत्वपूर्ण कड़ियां जोड़ी हैं।
मोइन और वसीम गिरफ्तार, योगेश पहले ही पकड़ में आया
पुलिस के अनुसार व्यापारी मुकेश को दुबई में बंधक बनाने और उसके साथ मारपीट करने के मामले में आरोपी मोइन खान और उसके सहयोगी वसीम को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में योगेश को भी गिरफ्तार किया था।तीनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी योगेश और वसीम को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया, जबकि मुख्य भूमिका से जुड़े आरोपी मोइन खान को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पूछताछ में खुल सकते हैं अपराध के कई राज
थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी मोइन से पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस संगठित अपराध और अवैध वसूली के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरी साजिश में कितने लोग शामिल थे और विदेश में व्यापारी को बंधक बनाने के पीछे क्या योजना थी। इसके अलावा फिरौती की मांग और पैसों के लेन-देन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मुख्य आरोपी फजले रऊफ की तलाश जारी
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। पुलिस अब फरार चल रहे मुख्य आरोपी फजले रऊफ उर्फ लुत्फी और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़ा होने के कारण हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।दुबई में व्यापारी को बंधक बनाकर फिरौती मांगने के इस मामले ने भीलवाड़ा में भी सनसनी फैला दी थी। अब तक हुई गिरफ्तारियों के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पूरे नेटवर्क का जल्द खुलासा हो सकता है।

