भीलवाड़ा: ACB की बड़ी कार्रवाई, 4.04 लाख की रिश्वत के साथ XEN समेत तीन गिरफ्तार; वीडियो में देखें घर से 8 लाख नकद और सोने के जेवर बरामद
भीलवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की फर्स्ट यूनिट ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर से शाहपुरा पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता (XEN) शहजाद मोहम्मद और दो ठेकेदारों को रिश्वत की रकम के साथ हिरासत में लिया। यह कार्रवाई शाम करीब 4 बजे की गई, जब तीनों को 4 लाख 4 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
हिरासत में लेने के बाद ACB टीम ने देर रात तक पूछताछ और जांच जारी रखी। इसके बाद रात करीब 11 बजे तीनों आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में आगे की कार्रवाई के तहत एसीबी टीम ने एक्सईएन के जहाजपुर स्थित आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर भी सर्च ऑपरेशन चलाया। शाम करीब 5 बजे टीम पुलिस जाब्ते के साथ उनके घर पहुंची और तलाशी शुरू की, जो देर रात लगभग 10:30 बजे तक जारी रही।
तलाशी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में नकदी और जेवरात मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घर से करीब 8 लाख रुपए नकद और लगभग 25 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। हालांकि, इस बरामदगी को लेकर एसीबी की ओर से विस्तृत आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
ACB अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई भ्रष्टाचार से जुड़े एक ट्रैप ऑपरेशन का हिस्सा थी, जिसमें तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर योजना बनाई गई थी। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह रकम किसी कार्य के बदले में ली जा रही थी।
फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। एसीबी यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं और क्या यह किसी बड़े भ्रष्टाचार नेटवर्क का हिस्सा है।
इस कार्रवाई के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले की आगे की जांच एसीबी द्वारा जारी है।

