स्कूल में 8वीं के छात्र से 200 उठक-बैठक, तबीयत बिगड़ने पर हंगामा, वीडियो में देंखे परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
भीलवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कावाखेड़ा राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर एक शिक्षक द्वारा 8वीं कक्षा के छात्र से 200 उठक-बैठक करवाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में तनाव और हंगामे की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, छात्र से ज्यादा संख्या में उठक-बैठक करवाए जाने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थिति बिगड़ती देख स्कूल स्टाफ ने बच्चे को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन स्कूल पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन और संबंधित शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए। बच्चे की मां ने कहा कि महिला टीचर ने उनके बेटे को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया है।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बच्चे की हालत गंभीर हो जाती या उसकी जान को खतरा होता तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। परिजनों ने स्कूल प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
हंगामा बढ़ता देख आरोपित बीएड महिला टीचर स्कूल परिसर से चली गई। इस घटना के बाद स्कूल में माहौल तनावपूर्ण हो गया और अन्य अभिभावकों में भी चिंता देखी गई।सूचना मिलने पर मामला कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूलों में अनुशासन के नाम पर बच्चों पर अत्यधिक शारीरिक दबाव नहीं डाला जाना चाहिए, क्योंकि इससे उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

