ढाबे पर शराब पीने से रोका तो बदमाशों का हमला, लाठी-डंडों से की तोड़फोड़; VIDEO वायरल
राजस्थान के डीग जिले में शराब पीने से रोकने पर कुछ बदमाशों ने एक ढाबा मालिक और उसके कर्मचारियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, कुर्सियां और पत्थर फेंके तथा ढाबे में जमकर तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्टाफ ने बचाव में फेंका मिर्च पाउडर
हमले के दौरान ढाबा मालिक के कर्मचारियों ने खुद का बचाव करने के लिए बदमाशों पर मिर्च पाउडर फेंका। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वायरल वीडियो में आरोपी ढाबे में उत्पात मचाते, कुर्सियां और पत्थर फेंकते तथा डंडों से सामान तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
17 जून की रात हुई थी वारदात
यह घटना 17 जून की रात की बताई जा रही है। अगले दिन 18 जून को ढाबा मालिक अशोक ने डीग जिले के कुम्हेर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सभी आरोपी रारह गांव के रहने वाले हैं।
FIR में लगाए गंभीर आरोप
ढाबा मालिक के अनुसार, आरोपी ढाबे पर बैठकर शराब पीना चाहते थे। जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया, तो वे भड़क गए और एकजुट होकर हमला कर दिया। इस दौरान ढाबे में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

