भरतपुर में दर्दनाक हादसा, कोयले से भरे ट्रेलर में लगी आग; ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत
भरतपुर-नेशनल हाईवे स्थित सारस चौराहे पर सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। आगरा से जयपुर की ओर जा रहे कोयले से भरे ट्रेलर में अचानक आग लग गई, जिससे चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। टक्कर के कारण ट्रेलर का डीजल टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर डीजल फैल गया। इसी दौरान चिंगारी भड़कने से ट्रेलर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
हादसे के समय ड्राइवर विरदी चंद गुर्जर (30) केबिन में ही फंस गया। राहगीरों ने तुरंत बचाव का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी केबिन तक पहुंच नहीं सका। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया और चालक जिंदा जल गया।
सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
मृतक विरदी चंद गुर्जर अजमेर जिले के करड़ाला थाना क्षेत्र स्थित रूपनगढ़ का निवासी था। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

