Samachar Nama
×

भरतपुर पुलिस पर बदमाश का हमला, पिस्टल छीनकर की फायरिंग; वीडियो में देंखे बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई SHO की जान

भरतपुर पुलिस पर बदमाश का हमला, पिस्टल छीनकर की फायरिंग; वीडियो में देंखे बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई SHO की जान

भरतपुर पुलिस पर उस समय जानलेवा हमला हो गया, जब हत्या के दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर राजस्थान लाया जा रहा था। रास्ते में एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। गोली चिकसाना थाना प्रभारी (SHO) बृजेश कुमार मीणा को लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया।

भरतपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि मामला 4 जुलाई की रात का है, जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने बर्तन व्यापारी चंद्रभान और किराना व्यापारी प्रमोद कुमार मित्तल पर गोलीबारी की थी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल चंद्रभान की बाद में जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी डीग जिले के कासौट गांव के रहने वाले हैं। घटना के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। इसके बाद दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया।

एसपी के अनुसार, गुरुवार रात पुलिस टीम आरोपियों को भरतपुर लेकर लौट रही थी। रास्ते में चिकसाना थाना क्षेत्र में आरोपियों को टॉयलेट कराने के लिए पुलिस वाहन रोका गया। इसी दौरान आरोपी प्रवीण ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर दो फायर कर दिए।

पहली गोली SHO बृजेश कुमार मीणा की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। दूसरी गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी प्रवीण के पैर में गोली लगी। वहीं दूसरा आरोपी बलराम भागते समय गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। दोनों को पुलिस ने दोबारा काबू कर लिया।

घायल आरोपियों को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पर हमला, हथियार छीनने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई और बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Share this story

Tags