भरतपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश रावत, वीडियो में देंखे बोले- इस बार जिले को मिला सबसे ज्यादा बजट
भरतपुर दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश रावत ने बजट घोषणाओं को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार भरतपुर जिले को सबसे अधिक बजट आवंटित किया गया है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
मंत्री रावत ने बताया कि इस बार के बजट का मुख्य फोकस महिलाओं और किसानों पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिले में पानी, बिजली और सड़क से जुड़े करोड़ों रुपए के विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।
भरतपुर और डीग के प्रभारी मंत्री के रूप में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बजट घोषणाओं को समय पर और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पानी की किल्लत और उससे जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए अभी से तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए।
इसके लिए टैंकरों की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि जहां जरूरत हो, वहां टैंकरों के टेंडर बढ़ाए जाएं, ताकि लोगों को समय पर पानी उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए, क्योंकि गर्मी के मौसम में बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। मंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री के इस दौरे से साफ है कि सरकार विकास कार्यों को लेकर गंभीर है और गर्मी से पहले आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दे रही है।

