भरतपुर में ड्राइवर से किडनैपिंग और बर्बर मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
राजस्थान के भरतपुर जिले के भुसावर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें डंपर ड्राइवर के साथ मारपीट, अपहरण और लूटपाट की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार कुछ लोगों ने पहले डंपर ड्राइवर से पैसे की मांग की। जब ड्राइवर ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन बोलेरो में बैठाकर अपहरण कर लिया गया।
पीड़ित की पहचान मुकुट के रूप में हुई है। आरोप है कि बदमाशों ने उसे वाहन की डिग्गी में डालकर जंगल की ओर ले गए, जहां उसके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उसके शरीर को माचिस की तीलियों से कई जगह जलाया और उससे 58 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन छीन लिया।
घटना के दौरान राहगीरों ने घायल अवस्था में ड्राइवर को देखा और उसकी मदद की। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को अधमरी हालत में सिद्ध बाबा पहाड़ियों के पास फेंक दिया और फरार हो गए। फिलहाल पीड़ित का उपचार जारी है और उसकी स्थिति को लेकर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

