भरतपुर ACB की बड़ी कार्रवाई, फुटेज में देंखे 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते दो पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
राजस्थान के भरतपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भू-प्रबंधन विभाग के दो पटवारियों को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पटवारियों पर आरोप है कि उन्होंने एक किसान से उसकी जमीन की माप और निशानदेही करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।भरतपुर एसीबी चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अमित सिंह ने बताया कि 7 जुलाई को एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भू-प्रबंधन विभाग में कार्यरत दो पटवारी उसके खेत की माप और सीमांकन (निशानदेही) के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसी दिन उसका सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। सत्यापन में यह भी सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच 30 हजार रुपये में सौदा तय हो गया था।योजना के अनुसार, दोनों पटवारियों ने परिवादी को रिश्वत की रकम देने के लिए बाजार में बुलाया। जैसे ही परिवादी ने तय राशि आरोपियों को सौंपी, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों पटवारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं दोनों सरकारी कर्मचारी पहले भी इस तरह की रिश्वतखोरी में शामिल तो नहीं रहे हैं।
इस कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपियों के कार्यालयों और अन्य संबंधित स्थानों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। यदि जांच में आय से अधिक संपत्ति या अन्य अनियमितताओं के साक्ष्य मिलते हैं, तो मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

