Samachar Nama
×

भरतपुर में जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, फुटेज में देंखे भीड़ ने आरोपी को छुड़ाया; ASI को दौड़कर बचानी पड़ी जान

भरतपुर में जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, फुटेज में देंखे भीड़ ने आरोपी को छुड़ाया; ASI को दौड़कर बचानी पड़ी जान

भरतपुर में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया था, लेकिन भीड़ ने पुलिसकर्मियों के कब्जे से उसे छुड़ा लिया। इसके बाद लोगों ने मथुरा गेट थाने के ASI के साथ धक्का-मुक्की की और उनकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। घटना के दौरान एक महिला हाथ में पत्थर लेकर पुलिसकर्मी को डराती नजर आई। हालात बिगड़ने पर ASI को अपनी जान बचाकर मौके से दौड़ना पड़ा। उनकी गर्दन पर मामूली चोट आई है।

मामला मथुरा गेट थाना क्षेत्र के सोगरिया मोहल्ले का है। घटना 26 नवंबर को गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे हुई थी। इसका वीडियो शनिवार शाम सामने आया। वीडियो में लोगों की भीड़ ASI को घेरकर खड़ी दिखाई दे रही है। भीड़ पुलिसकर्मी को पकड़े गए युवक को अपने साथ ले जाने से रोकती नजर आ रही है। इसी दौरान एक महिला हाथ में पत्थर उठाकर पुलिसकर्मी को डराती दिखाई देती है।

जुआ खेलने की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

मथुरा गेट थाने के सब इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि लोकल स्पेशल एक्ट के तहत कार्रवाई करने के लिए ASI शिवलाल और कांस्टेबल धर्मेंद्र सोगरिया मोहल्ले गए थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिसकर्मियों को देखकर जुआ खेलने वाले लोग भागने लगे। इस पर पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस जब युवक को अपने साथ ले जाने लगी तो मोहल्ले के कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

भीड़ ने पुलिस के कब्जे से छुड़ाया युवक

पुलिस के अनुसार, मोहल्ले के लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के कब्जे से पकड़े गए युवक को छुड़ा लिया। इसके बाद ASI शिवलाल के साथ धक्का-मुक्की की गई और उनकी बाइक को भी तोड़ दिया गया।घटना के दौरान हालात ऐसे हो गए कि ASI को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। इस दौरान उनकी गर्दन पर मामूली चोट आई।

वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की तैयारी

घटना के दो दिन बाद इसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में भीड़ ASI को घेरकर खड़ी दिखाई दे रही है। एक महिला हाथ में पत्थर लेकर पुलिसकर्मी को डराती नजर आती है। वहीं पुलिसकर्मी भीड़ के बीच से निकलकर वहां से भागते दिखाई देते हैं।सब इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी युवक को छुड़ाने और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने वाले लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

Share this story

Tags