भरतपुर के गर्ल्स हॉस्टल में 13 छात्राएं बीमार, वीडियो में जानें सांस लेने में तकलीफ और घबराहट की शिकायत; जांच में जुटा प्रशासन
जिले के बयाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी गर्ल्स हॉस्टल में अचानक छात्राओं के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया है। पिछले चार दिनों में कुल 13 छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। एक साथ इतनी संख्या में छात्राओं के बीमार होने से अभिभावकों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ गई है।
मामला बयाना के अलापुरी स्थित देवनारायण राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी आवासीय स्कूल का है। यहां हॉस्टल में रह रही छात्राओं को सांस लेने में तकलीफ, बेचैनी, घबराहट और पेट दर्द जैसी शिकायतें सामने आईं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
छात्रावास के वार्डन हेमेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि 7 फरवरी से 10 फरवरी के बीच 13 छात्राएं बीमार हुई हैं। सभी को इलाज के लिए बयाना उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को अचानक पांच और छात्राओं की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें भी तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों की टीम छात्राओं की जांच कर रही है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग या पानी की गुणवत्ता को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सभी छात्राओं का उपचार जारी है और अधिकतर की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। स्कूल और हॉस्टल परिसर में पीने के पानी की जांच करवाई जा रही है। साथ ही, रसोईघर, भोजन व्यवस्था और साफ-सफाई की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि बीमारी की असली वजह का पता लगाया जा सके।
अभिभावकों ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की है। वहीं, अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि छात्राओं की सेहत को प्राथमिकता दी जा रही है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी सुधार किए जाएंगे। फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद बीमारी के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

