बाड़मेर में सनसनीखेज हत्या का खुलासा, फुटेज में देंखे पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार
राजस्थान के बाड़मेर में एक चौंकाने वाले हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर पत्नी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने का आरोप है। मामले में पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
टांके में मिला था शव
यह मामला तब सामने आया जब 4 जून को एक व्यक्ति का शव खेत में बने टांके (पानी के भंडारण टैंक) में पड़ा मिला था। शुरुआती जांच में यह मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन बाद में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
पत्नी और प्रेमी की साजिश का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने पहले घर छोड़कर जाने की बात कहकर अपना मोबाइल बंद कर दिया था। इसके बाद पति उसकी तलाश में निकला। इसी दौरान रास्ते में उसे पत्नी का प्रेमी मिल गया।डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के मुताबिक, प्रेमी ने उसे भरोसे में लेकर घर चलने की बात कही और रास्ते में शराब पिला दी। जब पति नशे की हालत में हो गया तो उसे टैक्सी से करीब 30 किलोमीटर दूर खेत में ले जाया गया।
टांके में फेंककर की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि नशे की हालत में आरोपी उसे खेत में बने टांके तक ले गए और वहां धक्का देकर फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तारी और कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसके प्रेमी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर रखा गया है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।
इलाके में चर्चा का विषय
इस वारदात ने पूरे बाड़मेर जिले को हिला कर रख दिया है। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर के इस अपराध में शामिल होने की खबर से लोग हैरान हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।

