Samachar Nama
×

बाड़मेर में धरने के दौरान MLA रविंद्र सिंह भाटी की तबीयत बिगड़ी, फुटेज में देखें बोले सड़कें जाम करना हमें भी आता है, जेल छोटी पड़ जाएगी

बाड़मेर में धरने के दौरान MLA रविंद्र सिंह भाटी की तबीयत बिगड़ी, फुटेज में देखें बोले सड़कें जाम करना हमें भी आता है, जेल छोटी पड़ जाएगी

राजस्थान के बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र के गिरल गांव में चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान भीषण गर्मी और हीटवेव का असर देखने को मिला। यहां पिछले एक महीने से जारी आंदोलन स्थल पर बुधवार सुबह विधायक रविंद्र सिंह भाटी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, करीब साढ़े आठ बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) से डॉक्टरों को बुलाकर मौके पर ही विधायक को ड्रिप लगाई गई। चिकित्सकीय देखरेख के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और फिलहाल वे धरना स्थल पर ही मौजूद हैं।

एक महीने से चल रहा धरना

यह धरना राजस्थान स्टेट माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (RSMML) के खिलाफ ग्रामीणों की विभिन्न मांगों को लेकर किया जा रहा है। आंदोलन में विधायक रविंद्र सिंह भाटी पिछले आठ दिनों से लगातार धरना स्थल पर मौजूद हैं और ग्रामीणों के साथ समर्थन में बैठे हुए हैं।

“यह लड़ाई अधिकार और सम्मान की है” – भाटी

धरना स्थल पर मौजूद रहते हुए भाटी ने कहा कि यह आंदोलन केवल रोजगार या नौकरी का मुद्दा नहीं है, बल्कि क्षेत्र के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को जारी रखने की बात कही।

पहले भी दिया था कड़ा बयान

इससे पहले मंगलवार को दिए गए एक बयान में रविंद्र सिंह भाटी ने कहा था कि “सड़कें जाम करना हमें भी आता है। अभी अकेले बैठा हूं, लोगों को बुला लिया तो हालात संभालना मुश्किल हो जाएगा। जेल छोटी पड़ जाएगी, हिम्मत है तो भेज दो।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई थी।

भीषण गर्मी ने बढ़ाई मुश्किलें

बाड़मेर में लगातार पड़ रही 48 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाली गर्मी और हीटवेव के बीच धरना स्थल पर बैठे लोगों के लिए हालात बेहद कठिन बने हुए हैं। डॉक्टरों ने भी लोगों को सावधानी बरतने और पर्याप्त पानी व आराम लेने की सलाह दी है।

Share this story

Tags