बाड़मेर में बड़ा हादसा टला, वीडियो में देंखे कांस्टेबल ने संभाला बेकाबू रोडवेज बस का स्टेयरिंग
बाड़मेर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक रोडवेज बस अचानक बेकाबू हो गई। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के बलाऊ फांटे के पास सुबह करीब 8 बजे हुई, जिसमें करीब 35 से 40 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस के आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक हुए इस घटनाक्रम के कारण बस चालक नियंत्रण खो बैठा और ब्रेक लगाने की कोशिश के दौरान वह सीट से नीचे गिर गया। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख पास ही बैठे एक कांस्टेबल ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए बस का स्टेयरिंग संभाल लिया। बताया जा रहा है कि ब्रेक पूरी तरह फेल होने के बावजूद कांस्टेबल ने सूझबूझ से बस को नियंत्रित किया और उसे सड़क किनारे पेड़ से टकराते हुए नीचे की ओर उतारकर रोकने में सफलता हासिल की।
यह पूरा घटनाक्रम करीब चार मिनट तक चला, जिसके दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस पलटी नहीं और समय रहते नियंत्रित कर ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। कांस्टेबल ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिकारियों ने कांस्टेबल की सूझबूझ और तत्परता की सराहना की है, जिससे कई लोगों की जान बच गई।
फिलहाल बस को हटाने और तकनीकी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्रेक फेल होने की असली वजह क्या थी।

