Samachar Nama
×

बाड़मेर में ड्रग्स की अवैध लैब का भंडाफोड़, वीडियो में देखें एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया

बाड़मेर में ड्रग्स की अवैध लैब का भंडाफोड़, वीडियो में देखें एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया

बाड़मेर जिले के चौहटन बावड़ी कल्ला में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ड्रग्स की अवैध लैब का भंडाफोड़ किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान लैब से कच्चे माल के जरिए करीब 60 हजार एमडी ड्रग्स बनाने की तैयारी की जा रही थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 18 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

एटीएस एवं ANTF के महानिरीक्षक, पुलिस विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बाड़मेर जिले के चौहटन थाना क्षेत्र में संचालित यह अवैध सिंथेटिक ड्रग लैब पकड़ी गई। इस कार्रवाई में भगाराम पुत्र रिजुलाल निवासी रोहियों का तला, बावड़ी कल्ला, चौहटन को गिरफ्तार किया गया है।

विकास कुमार ने बताया कि आरोपी पहले शराब तस्कर था। वह फरारी में रहते हुए कर्ज में डूब गया और इस कारण एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री शुरू कर रहा था। लेकिन तैयारी के दौरान ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि लैब में ड्रग बनाने का पूरा सेटअप मौजूद था और कच्चे माल से बड़ी मात्रा में एमडी तैयार करने की योजना बनाई जा रही थी। इस गिरफ्तारी से बाड़मेर जिले में अवैध ड्रग्स के कारोबार पर बड़ी चोट लगी है।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे और कितने लोग शामिल थे और ड्रग्स का नेटवर्क किस हद तक फैला हुआ था।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। एटीएस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ड्रग्स की अवैध फैक्ट्री और तस्करी को रोका जा सके।

Share this story

Tags