Samachar Nama
×

अलवर में युवक की गोली मारकर हत्या, वीडियो में देंखे लकड़ियां रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद

अलवर में युवक की गोली मारकर हत्या, वीडियो में देंखे लकड़ियां रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद

राजस्थान के अलवर जिले में गुरुवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठियों से हमला कर दिया और फायरिंग भी कर दी।

घटना गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के बरवाड़ा बास गांव में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे की है। पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत तब हुई जब युवक की बहन ने आरोपियों के घर की दीवार के पास लकड़ियां रख दी थीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठियों से हमला कर दिया और फायरिंग भी की। इस हमले में युवक की बहन, चचेरी बहन और चाचा भी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार फायरिंग के दौरान युवक सतनाम को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस की मदद से गोविंदगढ़ सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की जानकारी देते हुए नसवारी चौकी प्रभारी संजय मीणा ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बरवाड़ा बास में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विवाद मामूली बात से शुरू हुआ था, लेकिन बाद में यह हिंसक रूप ले गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this story

Tags