Samachar Nama
×

अलवर में निर्दलीय पार्षद के BJP को समर्थन देने पर बवाल, फुटेज में देंखे दो समर्थकों से मारपीट; अस्पताल में भर्ती

अलवर में निर्दलीय पार्षद के BJP को समर्थन देने पर बवाल, फुटेज में देंखे दो समर्थकों से मारपीट; अस्पताल में भर्ती

अलवर नगर निगम के वार्ड 40 से निर्दलीय चुनाव जीतने वाली पार्षद अनीता देवी के भाजपा बोर्ड को समर्थन देने के बाद विवाद सामने आया है। आरोप है कि शनिवार सुबह वैशाली नगर क्षेत्र के बेलाका गांव में अनीता देवी के दो समर्थकों के साथ मारपीट की गई। हमले में दोनों घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पक्ष ने दूसरे प्रत्याशी के समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। मारपीट की सूचना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घायल दोनों युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

भाजपा को समर्थन देने के बाद शुरू हुआ विवाद

अस्पताल में भर्ती बेलाका निवासी घायल याकूब ने बताया कि वार्ड 40 से अनीता देवी के चुनाव जीतने के बाद उन्होंने भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए अपना समर्थन देने का फैसला किया था। याकूब के अनुसार, इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोग नाराज थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह अब्दुल रज्जाक सहित कई लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।याकूब का कहना है कि जब उन्होंने गाली-गलौज का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से उन पर हमला कर दिया। मारपीट में अब्बास और याकूब दोनों घायल हो गए।

अब्बास के सिर में गंभीर चोट

हमले में अब्बास के सिर पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। वहीं याकूब को भी चोटें आई हैं। दोनों को परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद घायलों के परिजनों और समर्थकों में भी नाराजगी है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, नगर निगम चुनाव के बाद पार्षदों के समर्थन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इसी बीच निर्दलीय पार्षद के भाजपा के साथ जाने के बाद समर्थकों के बीच विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस जुटा रही घटना की जानकारी

मारपीट की घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानीशुरू कर दी है। पुलिस आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बीच विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट होगी।नगर निगम बोर्ड के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियों के बीच सामने आई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर माहौल को गर्म कर दिया है। फिलहाल घायल दोनों युवकों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

Share this story

Tags