Samachar Nama
×

अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीड कार का कहर, वीडियो में जाने महिला समेत 3 की मौत; NHAI कर्मचारी भी शामिल

अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ओवरस्पीड कार का कहर, वीडियो में जाने महिला समेत 3 की मौत; NHAI कर्मचारी भी शामिल

राजस्थान के अलवर जिले में लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में दिल्ली निवासी महिला, कैब ड्राइवर और नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के कर्मचारी की मौत हो गई। दुर्घटना गुर्जर खोरा पुलिया के पास रात करीब 1:30 बजे हुई। टक्कर मारने के बाद कार कुछ दूरी पर जाकर पलट गई। हादसे के बाद उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया।लक्ष्मणगढ़ थाने के सब इंस्पेक्टर हरिमन के अनुसार, मृतकों की पहचान दिल्ली की रहने वाली मनीषा गुप्ता, अजमेर निवासी कैब ड्राइवर आजाद और अलवर के शीतल गांव निवासी NHAI कर्मचारी जगमोहन के रूप में हुई है। मनीषा जयपुर में इवेंट मैनेजर के तौर पर काम करती थीं।

कैब का टायर पंक्चर होने से रुके थे एक्सप्रेस-वे पर

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी मनीषा गुप्ता और उनके साथ एक अन्य महिला आसमा बुधवार रात करीब 1:30 बजे दिल्ली से जयपुर जाने के लिए कैब में रवाना हुई थीं। गुर्जर खोरा पुलिया के पास अचानक कैब का टायर पंक्चर हो गया। इसके बाद ड्राइवर आजाद ने मदद के लिए NHAI की हेल्पलाइन पर संपर्क किया।सूचना मिलने के कुछ मिनट बाद NHAI कर्मचारी जगमोहन अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए। जगमोहन कैब के पास खड़ी मनीषा से हादसे और वाहन से जुड़ी जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही हेक्टर कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी।

पहले महिला और NHAI कर्मचारी को कुचला, फिर कैब ड्राइवर को मारी टक्कर

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, तेज रफ्तार हेक्टर कार ने सबसे पहले मनीषा गुप्ता और NHAI कर्मचारी जगमोहन को अपनी चपेट में लिया। इसके बाद कार टायर बदल रहे कैब ड्राइवर आजाद को कुचलते हुए आगे निकल गई। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।टक्कर के बाद हेक्टर कार कुछ मीटर आगे जाकर एक्सप्रेस-वे के किनारे पलट गई। कार में मौजूद ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

मनीषा के साथ आई युवती भी मौके से गायब

हादसे के समय मनीषा के साथ दिल्ली से जयपुर आ रही युवती आसमा भी मौजूद थी। दुर्घटना के बाद वह भी मौके से गायब हो गई। फिलहाल उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, जगमोहन के साथ पहुंचे अन्य कर्मचारियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार कार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this story

Tags