अलवर के सेटेलाइट हॉस्पिटल में बड़ा हादसा, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे छत का प्लास्टर और पंखा गिरने से डॉक्टर-महिला मरीज घायल
राजस्थान के अलवर स्थित सेटेलाइट हॉस्पिटल में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल की ओपीडी में अचानक छत का प्लास्टर और पंखा गिरने से एक डॉक्टर और महिला मरीज घायल हो गए। हादसे में डॉक्टर का सिर फट गया, जबकि महिला मरीज को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना अस्पताल के ओपीडी रूम नंबर-7 की है, जहां सीनियर डॉक्टर मरीजों की जांच कर रहे थे।
मरीज की जांच करते समय गिरा छत का प्लास्टर
घायल सीनियर डॉक्टर सीताराम अग्रवाल ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह एक महिला मरीज की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत से मोटा प्लास्टर और पंखा टूटकर नीचे गिर गया।उन्होंने बताया कि हादसे के बाद वह और महिला मरीज काफी मुश्किल से कमरे से बाहर निकल पाए। गिरते हुए प्लास्टर और पंखे की चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और कई टांके लगाने पड़े।
महिला मरीज की नाक और हाथ-पैर में लगी चोट
हादसे के समय 25 वर्षीय महिला मरीज टीना थायरॉयड की जांच कराने अस्पताल आई थी। वह मूल रूप से लक्ष्मणगढ़ की रहने वाली है और फिलहाल कालाकुआं क्षेत्र में रहती है।प्लास्टर और पंखा गिरने से उसकी नाक पर गंभीर चोट आई, जहां उसे तीन टांके लगाए गए। इसके अलावा उसके दाहिने हाथ और पैर में भी चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद अस्पताल भवन की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मरीजों और कर्मचारियों ने कहा कि अस्पताल जैसी जगह पर इस तरह की घटना गंभीर लापरवाही को दिखाती है। फिलहाल डॉक्टर सीताराम अग्रवाल का इलाज अस्पताल में ही जारी है। वहीं घायल महिला मरीज को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

