श्याम जागरण के निमंत्रण के दौरान विवाद, वीडियो में देंखे मारपीट के बाद युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा; गिरफ्तारी के आश्वासन पर उतरा नीचे
अलवर जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र स्थित आगर गांव में श्याम जागरण के लिए पीले चावल बांटने के दौरान हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। मारपीट का शिकार हुए एक युवक ने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया और विरोध स्वरूप मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बाद में आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।जानकारी के अनुसार, गांव में शनिवार को श्याम जागरण का आयोजन होना है। इसके लिए गांव के युवा घर-घर जाकर पीले चावल बांटकर लोगों को आमंत्रित कर रहे थे। इसी दौरान 31 मई की रात किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई।
भाजपा नेता रोहिताश घांघल के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गांव के कुछ युवकों ने अखिलेश प्रजापत नामक युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद घायल युवक शिकायत लेकर थाने पहुंचा।अखिलेश ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और उसे धमकाकर भगा दिया। इससे नाराज होकर युवक विरोध जताने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों और ग्रामीणों ने युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाइश के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया।घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस कार्रवाई और शिकायतों के निस्तारण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं ग्रामीणों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

