अलवर लूटकांड के बाद GST असिस्टेंट कमिश्नर का जयपुर ट्रांसफर, वीडियो में बोले- ‘अभी तबादला रोका जाए, परिवार मुश्किल में है’
राजस्थान के अलवर में हाल ही में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात के बाद जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश का जयपुर तबादला कर दिया गया है। हालांकि, उन्होंने अपने इस ट्रांसफर पर असहमति जताते हुए सरकार से फिलहाल तबादला रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में जयपुर जाना उनके परिवार की मुश्किलों को और बढ़ा देगा।
ओमप्रकाश ने कहा कि उनकी पत्नी बीमार हैं और उन्हें घर के दैनिक कार्यों, विशेषकर खाना बनाने में उनकी मदद करनी पड़ती है। इसके अलावा हाल ही में हुई लूट की घटना के बाद उनके बच्चे भी मानसिक रूप से डरे हुए हैं और स्कूल जाने से घबराने लगे हैं। ऐसे में इस समय अलवर छोड़ना परिवार के लिए उचित नहीं होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह अलवर में रहेंगे तो पुलिस के साथ बेहतर समन्वय कर सकेंगे और लूटे गए सोने के जेवरों की बरामदगी में भी सहयोग कर पाएंगे। उन्होंने सरकार से अपील की कि मामले की जांच पूरी होने तक उनका तबादला स्थगित किया जाए।
गौरतलब है कि 4 जुलाई को अलवर शहर की शालीमार सोसायटी स्थित ओमप्रकाश के घर में बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था। हथियारबंद बदमाश घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान चार संदिग्ध आरोपियों को डिटेन किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अब तक लूटे गए जेवरों की बरामदगी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड के बाद पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामदगी के प्रयास जारी हैं। वहीं, पीड़ित अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने और जेवरों की रिकवरी तक उनका अलवर में रहना जरूरी है।
फिलहाल, ओमप्रकाश ने सरकार से मानवीय आधार पर उनके ट्रांसफर आदेश पर पुनर्विचार करने की अपील की है। अब देखना होगा कि सरकार उनकी मांग पर क्या फैसला लेती है और लूटकांड की जांच में आगे क्या प्रगति होती है।

