बारात से लौट रही ट्रैवलर कार बिजली पोल से टकराई, वीडियो में देंखे आग लगने से बाल-बाल बचे 6 लोग
राजस्थान के अलवर जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब बारात से लौट रही एक ट्रैवलर गाड़ी अचानक बिजली पोल से टकरा गई और उसमें आग लग गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि गाड़ी में सवार सभी 6 लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
यह हादसा अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र के टिकरी मोड़ के पास करीब रात 1 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर गाड़ी कांकरौली गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही थी। रास्ते में सड़क पर बिजली के तार पड़े होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे गाड़ी सीधे बिजली पोल से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में वाहन में आग लग गई और वह धूं-धूं कर जलने लगा। हादसे के समय गाड़ी में खेड़ा गरासिया निवासी अनुप सिंह पुत्र राजवीर सिंह सहित कुल 6 लोग सवार थे। सभी लोग अनुप सिंह के साथ शादी समारोह से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
गाड़ी में सवार अन्य लोगों की पहचान दिलीप, गब्बर, अजय, दौलत और दीपक के रूप में हुई है। हादसे के बाद सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग लगने के कारण वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर पड़े बिजली के तार इस हादसे का प्रमुख कारण बने, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़कों पर पड़े खुले तारों और अन्य खतरनाक स्थितियों को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

