अलवर में बड़ा हादसा टला, एक्सक्लूसिव वीडियो में देंखे क्षतिग्रस्त पुलिया से 70 फीट नीचे गिरी कार, दो युवक सुरक्षित
शहर के निकट अकबरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिलीसेढ़ तिराहे से सिलीसेढ़ मार्ग के बीच क्षतिग्रस्त पुलिया से एक कार करीब 70 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद कार पलटकर चारों पहियों के बल उल्टी हो गई, लेकिन गनीमत रही कि उसमें सवार दोनों युवक सुरक्षित बच गए। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार कार मालिक अनिल धीवर, जो अलवर ग्रामीण क्षेत्र के किशनपुरा गांव का निवासी है, अपने मित्र देवी सहाय निवासी श्योदानपुरा के साथ अपनी बहन को उमरैण स्कूल छोड़ने गया था। बहन को स्कूल छोड़ने के बाद दोनों वापस किशनपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सिलीसेढ़ मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे नीचे खाई में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार गिरते समय कई बार पलटी खाती हुई नीचे पहुंची और अंत में चारों पहिए ऊपर की ओर हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। कार के दरवाजे जाम होने के कारण ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर दोनों युवकों को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों की जान बच गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों को हल्की चोटें आई हैं। उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर चोट न होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि पुलिया पहले से क्षतिग्रस्त थी, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस पुलिया की मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को करीब 70 फीट नीचे से ऊपर सड़क पर खींचकर निकाला गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सिलीसेढ़ मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क और पुलिया की हालत खराब है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि घटना की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
समय रहते स्थानीय लोगों की मदद और वाहन की मजबूत बॉडी के कारण बड़ा हादसा टल गया। दोनों युवकों की जान बचने से परिवार ने राहत की सांस ली है।

