Ajmer में पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी-डंडों से किया जानलेवा हमला, थाने की बेरुखी के बाद SP ऑफिस पहुंचे पीड़ित दंपति
अजमेर शहर के भूणाबाई क्षेत्र में रहने वाले एक दम्पति पर पड़ोस में रहने वाले बदमाशों ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद पीड़ित दंपत्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन मुख्य आरोपी चैन सिंह अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इससे परेशान होकर पीड़ित दम्पति ने जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
अभियोजक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आठ मार्च को नाली विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपी चैन सिंह की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे नाराज होकर पीड़ित दंपत्ति ने अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता सरोज ने बताया कि आठ मार्च को पड़ोस में रहने वाले चैन सिंह, करन सिंह, शारदा, सोनू, मोहन सिंह और रघुवीर सिंह ने स्कॉर्पियो में 15-16 बदमाशों को बुलाया था। तभी अचानक उन लोगों ने उन पर, उनके पति वीरेंद्र और बेटी पर कुल्हाड़ियों, कुदालों और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हमले में उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए।
सरोज ने आगे बताया कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज करा दी थी। लेकिन घटना को लगभग दो सप्ताह बीत जाने के बावजूद मुख्य आरोपी चैन सिंह व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों का राजनीतिक और सामाजिक प्रभाव है, जिसके कारण पुलिस आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बच रही है।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने खून से सने कपड़े और मारपीट में इस्तेमाल की गई लाठियां जब्त नहीं की हैं। आरोपी लगातार उसका पीछा करता है, जिससे उसका जीवन कष्टमय हो गया है। उन्होंने यह भी चिंता व्यक्त की कि यदि उन्हें शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो उनके परिवार की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो जाएगा। सरोज ने एसपी वंदिता राणा से मांग की है कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई की जाए और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि उसे और उसके परिवार को न्याय और सुरक्षा मिल सके।

