केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम की कार को ट्रेलर ने मारी टक्कर, हादसे में बाल-बाल बचे
राजस्थान के केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम की फॉर्च्यूनर कार मंगलवार रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। अजमेर-कोटा राजमार्ग पर सराना के पास एक ट्रेलर ने विधायक की कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विधायक की कार आगे खड़ी एक कैंपर गाड़ी से भी जा भिड़ी। हादसे में विधायक शत्रुघ्न गौतम बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर को हल्की चोट आई है। हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि विधायक शत्रुघ्न गौतम किशनगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केकड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान सराना के पास पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उनकी फॉर्च्यूनर कार को जोरदार टक्कर मार दी।
पीछे से ट्रेलर ने मारी टक्कर
टक्कर इतनी तेज थी कि विधायक की कार आगे खड़ी कैंपर गाड़ी से भी टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में फॉर्च्यूनर के आगे और पीछे के हिस्से को नुकसान पहुंचा है।हादसे के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम कार में मौजूद थे। हालांकि उन्हें किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई। वहीं कार चला रहे ड्राइवर विनोद को हल्की चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे विधायक
दरअसल, मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किशनगढ़ दौरे पर थे। यहां उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। बैठक में पंचायत चुनाव और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे।कार्यक्रम खत्म होने के बाद विधायक अपनी फॉर्च्यूनर कार से केकड़ी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान अजमेर-कोटा राजमार्ग पर सराना के पास यह हादसा हो गया।
कार के आगे और पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त
ट्रेलर की पीछे से हुई टक्कर के कारण विधायक की फॉर्च्यूनर कार के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। इसके बाद कार आगे खड़ी कैंपर से टकराई, जिससे वाहन के अगले हिस्से में भी क्षति हुई।हादसे में विधायक के सुरक्षित रहने की जानकारी मिलने के बाद समर्थकों और परिचितों ने राहत की सांस ली। ड्राइवर विनोद को आई चोटों को लेकर बताया गया है कि वे हल्की हैं। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

