अजमेर में डायन बताकर युवती को गर्म सरिए से दागा, फुटेज में देंखे मंदिर ले जाकर की मारपीट; 7 लोगों पर केस दर्ज
राजस्थान के अजमेर जिले में अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मांगलियावास थाना क्षेत्र में एक युवती को कथित तौर पर डायन बताकर मंदिर ले जाने और गर्म सरिए से दागने का आरोप लगाया गया है। घटना 4 जुलाई की बताई जा रही है।
युवती की मां ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी बेटी के शरीर में डायन होने की बात कहकर उसे घर से उठाकर मंदिर ले गए। वहां कथित रूप से डायन निकालने के नाम पर उसके साथ मारपीट की गई और गर्म सरिए से हाथ-पैर और माथे पर दागा गया।
पीड़िता की मां के अनुसार, गांव के सुखपाल उर्फ सूरज लगातार कहता था कि उनकी बेटी में डायन है और वह उसे निकाल देगा। आरोप है कि उसने दावा किया था कि गर्म सरिए से दागने पर बेटी को नुकसान नहीं होगा, बल्कि डायन जल जाएगी।
महिला ने बताया कि 4 जुलाई को जब वह खेत पर घास लेने गई थी और उसके पति काम पर गए हुए थे, तभी कुछ लोग घर पहुंचे और उनकी बेटी को अपने साथ माताजी के मंदिर ले गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदिर में काली पत्नी करतार, सुखपाल उर्फ सूरज, महेंद्र, रेखा, सीमा, रमती और गीता ने युवती के साथ मारपीट की और उसे धमकियां दीं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मां मौके पर पहुंची और बेटी को छुड़ाकर घर ले आई। इसके बाद 5 जुलाई की रात पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मांगलियावास थाना पुलिस ने मामले में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

