अजमेर में NRI के अपहरण की कोशिश नाकाम, रिवॉल्वर लेकर घर में घुसे बदमाश CCTV जैसे वीडियो से घबराकर भागे
राजस्थान के अजमेर जिले में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां कार सवार तीन बदमाशों ने रिवॉल्वर के साथ एक NRI के घर में घुसकर उसके अपहरण की कोशिश की। यह घटना वैशाली नगर इलाके में कृष्णगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत बधिर स्कूल के पीछे करीब रात 8:30 बजे हुई।पीड़ित गंगाधर के अनुसार, तीनों बदमाश एक कार में सवार होकर पहुंचे और खुद को वारंट लेकर आने की बात कहते हुए जबरन घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने रिवॉल्वर दिखाकर पीड़ित को डराने की कोशिश की और उसे गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने बदमाशों से वकील से बात कराने की बात कही, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान घर के परिजनों ने घटना को देखकर मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे बदमाश घबरा गए।वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू होते ही आरोपी मौके से फरार हो गए और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिए बिना भाग निकले। हालांकि, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के लगभग 13 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। स्थानीय पुलिस अब तक न तो आरोपियों की पहचान कर पाई है और न ही उस कार का पता लगाया जा सका है जिससे बदमाश मौके पर पहुंचे थे।पुलिस सूत्रों के अनुसार, वाहन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। वहीं, पीड़ित परिवार ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून-व्यवस्था और रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर वीडियो न बनाया जाता, तो यह घटना एक बड़े अपराध में बदल सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच मेंजुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

