अजमेर के जय अंबे माता मंदिर में चोरी करते पकड़ा गया युवक, सीसीटीवी से हुआ खुलासा, ग्रामीणों ने दबोचा
राजस्थान के अजमेर शहर के जोंसगंज स्थित जय अंबे माता मंदिर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने मंदिर में प्रवेश कर पहले श्रद्धा से हाथ जोड़े और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देने लगा। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।मामला रविवार का बताया जा रहा है। मंदिर के पुजारी सुनील मिश्रा के अनुसार, पिछले कुछ समय से मंदिर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिससे वे काफी परेशान थे। इसी कारण उन्होंने हाल ही में मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए और खुद मोबाइल के जरिए लगातार निगरानी शुरू कर दी थी।
रविवार को जब मंदिर खुला हुआ था, उसी दौरान पुजारी अपने मोबाइल से लाइव सीसीटीवी फुटेज देख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध युवक को मंदिर के अंदर घूमते हुए देखा। वीडियो में साफ दिखाई दिया कि युवक पहले भगवान के सामने हाथ जोड़कर श्रद्धा दिखा रहा था, लेकिन इसके तुरंत बाद वह चोरी की वारदात को अंजाम देने लगा।पुजारी ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को मंदिर परिसर में ही रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उसे रामगंज थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान पुजारी ने बताया कि अब सीसीटीवी लगने के बाद इस तरह की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगने की उम्मीद है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

