अजमेर दरगाह की बड़ी देग में कूदा युवक, रुपए जेब में भरने लगा, वीडियो में जाने कर्मचारियों ने पकड़कर बाहर निकाला
अजमेर स्थित ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में शनिवार दोपहर एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। दरगाह परिसर में रखी बड़ी देग में एक युवक अचानक कूद गया और उसमें रखे रुपए उठाकर अपनी जेब में भरने लगा। घटना से वहां मौजूद जायरीन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है। उस समय बड़ी देग में सूखे चावल, मेवे नकदी और अन्य चढ़ावा सामग्री मौजूद थी। इसी दौरान युवक देग में उतर गया और अंदर रखे रुपए निकालने लगा।
दरगाह कमेटी के एक कर्मचारी की नजर जैसे ही युवक पर पड़ी, उसने तुरंत देग में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में किया। बाद में अन्य कर्मचारियों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलने पर दरगाह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक मानसिक रूप से विमंदित बताया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। दरगाह प्रशासन ने कहा कि बड़ी देग दरगाह की आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में रोजाना हजारों जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि समय रहते कर्मचारियों की सतर्कता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

