Samachar Nama
×

कौन हैं वर्धमान जैन? तिरुपति बालाजी को दान किए 121 किलो सोने के आभूषण, जानिए कैसे खड़ी की 18 हजार करोड़ की कंपनी

कौन हैं वर्धमान जैन? तिरुपति बालाजी को दान किए 121 किलो सोने के आभूषण, जानिए कैसे खड़ी की 18 हजार करोड़ की कंपनी

तिरुपति बालाजी मंदिर में 121 किलो सोने के आभूषण दान करने वाले चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन इन दिनों सुर्खियों में हैं। इस सोने की अनुमानित कीमत करीब 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में इसका मूल्य इससे अधिक होने का भी दावा किया गया है। लेकिन वर्धमान जैन की चर्चा सिर्फ उनके इस बड़े दान की वजह से नहीं हो रही है। वह हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी और बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) के क्षेत्र में एक सफल उद्यमी के रूप में भी पहचान रखते हैं। उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर (Access Healthcare) जैसी बड़ी कंपनी खड़ी की है।

कौन हैं वर्धमान जैन?

वर्धमान जैन मूल रूप से चेन्नई के कारोबारी हैं। उन्होंने लोयोला कॉलेज, चेन्नई से स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए और टेक्सास यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की।

पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, मेडिकल कोडिंग, इमेज प्रोसेसिंग और रोबोटिक प्रोसेस ऑटोमेशन (RPA) जैसे क्षेत्रों में काम किया। इन तकनीकों से जुड़े कई पेटेंट भी उनके नाम बताए जाते हैं।

उद्यमी बनने से पहले वर्धमान जैन ने कॉर्पोरेट जगत में कई अहम पदों पर काम किया। वह विजन हेल्थसोर्स के सह-संस्थापक रहे। इसके अलावा उन्होंने डेल सर्विसेज के BPO डिवीजन में मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभाली।

कैसे खड़ी की अरबों डॉलर की कंपनी?

वर्धमान जैन की कारोबारी पहचान बनाने में एक्सेस हेल्थकेयर की अहम भूमिका रही है। उन्होंने इस कंपनी की स्थापना हेल्थकेयर सेक्टर में तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की थी।

एक्सेस हेल्थकेयर अस्पतालों, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को टेक्नोलॉजी आधारित सेवाएं उपलब्ध कराती है। कंपनी मेडिकल बिलिंग, मेडिकल कोडिंग, इंश्योरेंस क्लेम प्रोसेसिंग और अस्पतालों के प्रशासनिक कामकाज को आसान बनाने में मदद करती है।

इन सेवाओं के जरिए हेल्थकेयर संस्थान अपने बिलिंग और भुगतान से जुड़े काम अधिक व्यवस्थित और तेजी से कर सकते हैं। इस तरह कंपनी ने स्वास्थ्य सेवाओं और तकनीक के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में अपनी पहचान बनाई।

2025 में 18 हजार करोड़ रुपये की डील से आए चर्चा में

वर्धमान जैन के कारोबारी सफर में साल 2025 को एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर में अपनी करीब 70 फीसदी हिस्सेदारी एक अमेरिकी कंपनी को बेच दी थी।

बताया गया कि इस सौदे के दौरान कंपनी का वैल्यूएशन करीब 2 अरब डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपये आंका गया था। इस डील के बाद एक्सेस हेल्थकेयर अंतरराष्ट्रीय कारोबारी जगत में चर्चा का विषय बन गई।

हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी के अलावा जैन इंजीनियरिंग और अन्य कारोबारी गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। उनका नाम एशिया चेन्नई इंजीनियरिंग सहित कई व्यावसायिक उपक्रमों से जुड़ा बताया जाता है।

तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोने के आभूषण भेंट

वर्धमान जैन ने गुरुवार को तिरुमला स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के आभूषण अर्पित किए। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनकी पत्नी नारा भुवनेश्वरी भी मौजूद थीं।

दान किए गए आभूषणों में मुकुट, बाजूबंद, कंधों के आभूषण, कमरबंद और पैरों के आभूषण शामिल हैं। मंदिर में इनका इस्तेमाल भगवान के नियमित धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष अवसरों पर किया जाएगा।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब वर्धमान जैन ने तिरुमला मंदिर के लिए बड़ा योगदान दिया हो। वह 2019 से मंदिर की विभिन्न योजनाओं में सहयोग करते आ रहे हैं।

121 किलो सोने की कीमत कितनी है?

वर्धमान जैन की ओर से दान किए गए 121 किलो सोने की अनुमानित कीमत 150 से 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है। रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार शाम 4 बजे MCX पर सोने का भाव करीब 1.22 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था।

इस दर से 121 किलो सोने की कीमत लगभग 148 करोड़ रुपये बैठती है। हालांकि, आभूषणों की वास्तविक कीमत सोने की शुद्धता, बनावट और अन्य लागतों के आधार पर अलग हो सकती है।

Share this story

Tags