भारत में WhatsApp का यूजरनेम फीचर फिलहाल लॉन्च नहीं होगा, केंद्र सरकार ने मेटा को भेजा नोटिस, वीडियो में जाने साइबर फ्रॉड को लेकर बढ़ी चिंता
भारत में लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp का बहुप्रतीक्षित यूजरनेम फीचर फिलहाल लॉन्च नहीं होगा। केंद्र सरकार ने इस फीचर को लेकर सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़ी चिंताओं के मद्देनजर Meta Platforms को इसे भारत में फिलहाल लागू नहीं करने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने मेटा से कहा है कि जब तक इस फीचर से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा और समीक्षा पूरी नहीं हो जाती, तब तक इसे भारतीय यूजर्स के लिए लॉन्च न किया जाए। इसी संबंध में सरकार ने कंपनी को नोटिस भी जारी किया है और तीन दिन के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है।बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार इस नए फीचर के सुरक्षा पहलुओं की गहन जांच करना चाहती है। हालांकि, अभी तक न तो सरकार और न ही मेटा की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
क्यों बढ़ी सरकार की चिंता?
WhatsApp के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर के तहत यूजर्स अपने मोबाइल नंबर की जगह एक यूनिक यूजरनेम के जरिए दूसरों से जुड़ सकेंगे। इससे फोन नंबर सार्वजनिक किए बिना चैट करना संभव होगा। हालांकि, सरकार का मानना है कि यह सुविधा साइबर अपराधियों के लिए भी नए अवसर पैदा कर सकती है।सरकार को आशंका है कि यदि मोबाइल नंबर छिपाने की सुविधा मिल जाती है, तो ठग और साइबर अपराधी किसी अन्य व्यक्ति के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को आसानी से निशाना बना सकते हैं। इससे ऑनलाइन ठगी, फर्जी पहचान और डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी की संभावना है।
साइबर फ्रॉड रोकने पर सरकार का फोकस
पिछले कुछ वर्षों में भारत में डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर फ्रॉड के मामलों में भी तेजी आई है। ऐसे में सरकार किसी भी नए फीचर को लागू करने से पहले यह सुनिश्चित करना चाहती है कि उससे आम लोगों की सुरक्षा और डिजिटल पहचान पर कोई खतरा न उत्पन्न हो।सरकार का मानना है कि यदि पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो यूजरनेम फीचर का दुरुपयोग कर अपराधी लोगों को फर्जी पहचान के जरिए ठगी का शिकार बना सकते हैं।
फिलहाल आधिकारिक घोषणा का इंतजार
सूत्रों के मुताबिक, सरकार और मेटा के बीच इस मुद्दे पर बातचीत जारी है। कंपनी द्वारा जवाब मिलने और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की समीक्षा के बाद ही इस फीचर को भारत में लॉन्च करने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। तब तक भारतीय यूजर्स को WhatsApp के यूजरनेम फीचर के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

