Weather Alert: राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जयपुर में भी मौसम बदलेगा
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां अभी जारी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 17 से 22 सितंबर के बीच कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश
राजस्थान के जयपुर समेत कई इलाकों में आज गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। जयपुर, अजमेर, अलवर, दौसा, सीकर, झुंझुनूं, नागौर और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत से मानसून की वापसी करीब 19 सितंबर से शुरू होने की संभावना जताई गई है।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूर रहने तथा स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।

